तवी के चौथे पुल के नजदीक निक्की तवी में वीरवार को अतिक्रमण हटाने गई पुलिस पार्टी पर स्थानीय लोगों ने पथराव कर दिया। इससे महिला पुलिसकर्मी सहित छह लोग जख्मी हो गए।
पुलिस ने पथराव कर रही भीड़ को तितर बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। इससे भीड़ और उग्र हो गई और पुलिस पर पथराव तेज कर दिया। अतिक्रमण हटाने गई जेसीबी को निशाना बनाया और पुलिस की गाड़ी तोड़ दी।
इतना सब होने के बावजूद लोगों का गुस्सा ठंडा नहीं हुआ। पुलिस पर पथराव करते हुई भीड़ चौथे पुल तक तक आ गई। एसएचओ नवाबाद रविंद्र सिंह और तहसीलदार आबिद हुसैन ने कई बार लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन कोई समझने को तैयार नहीं हुआ। तब उन्होंने उच्चाधिकारियों को सूचित किया।