घाटी में सफलतापूर्वक हुए डीडीसी चुनावों के बाद से पाकिस्तान बौखलाया हुआ है। राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों को निशाना बनाया जा रहा है, लेकिन जम्मू-कश्मीर पुलिस हर चुनौती से लड़ने के लिए तैयार है। जल्द ही राजनेताओं की सुरक्षा को बढ़ाया जाएगा। जिनको ज्यादा खतरा है, उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था में बहुत से बदलाव किए जाएंगे। यह बात जम्मू-कश्मीर पुलिस के कश्मीर रेंज के आईजीपी विजय कुमार ने कही।
आईजीपी विजय कुमार ने कहा कि डीडीसी के चुनाव जम्मू-कश्मीर के इतिहास में पहली बार हुए थे। पहली बार घटना मुक्त चुनाव हुआ था जिसका जिक्र उमर अब्दुल्ला ने अपने ट्वीट में भी किया था। इससे पाकिस्तान में बैठे आका बौखलाए हुए हैं और वह कोशिश करेंगे कि पंचायती राज के सदस्यों को निशाना बनाया जाए लेकिन उसके लिए हम तैयार हैं।
उन्होंने कहा कि यह भी सच है कि सबको सुरक्षा मुहैया करवाना मुमकिन नहीं लेकिन जिसको ज्यादा खतरा है उसे सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी। साथ ही जवानों को भी ट्रेंड किया जा रहा है और एसओपी में भी बदलाव किए जाएंगे। आईजीपी ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बहुत सारे बदलाव लाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि उनका मानना है कि खतरा सभी राजनीतिक दलों के लिए है, लेकिन उसमें कुछ लोगों को ज़्यादा होता है कुछ को कम। खतरे का पैरामीटर तय किया जाता है और उसी आधार पर किसी को एक्स कैटेगरी, किसी को जेड कैटेगरी, किसी को जेड प्लस कैटेगरी में रखा जाता है। आईजीपी ने कहा कि हर आदमी, हर पार्टी का अलग-अलग थ्रेट होता है।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर : मुगल रोड से बर्फ हटाने के दौरान फिर हुई ताजा बर्फबारी, नहीं खुल पाया मार्ग
उन्होंने कहा कि वह मानते हैं कि भाजपा के जो नेता हैं उन्हें ज़्यादा खतरा है, इसलिए उन्होंने खुद डीआईजी, एसएसपी, आदि के साथ खुद श्रीनगर शहर में जाकर जायजा लिया और जो कमी पेशी देखी गई, उसे जल्द दूर किया जाएगा। आईजीपी ने यह भी कहा कि वह अपने जवानों से मिलकर उनका मनोबल भी बढ़ा रहे हैं और कमी पेशी को दूर करने के लिए उन्हें ट्रेंड किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि अगर अगली बार कहीं ऐसी घटना होती है तो हमारा जवान आतंकी को वहीं मार गिराएगा।
लापता टीए जवान मामले में तफ्तीश जारी
गौरतलब है कि 8 महीने पहले टीए के जवान का शव अब तक न मिलने को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में आईजीपी ने कहा कि शुरू में आतंकियों ने दावा किया था कि उसको मार कर दफना दिया गया है और जिस आतंकी ने यह दावा किया था वो मुठभेड़ के दौरान मारा गया है। उसके कुछ ओजीडब्ल्यू से भी पूछताछ की गई है लेकिन कुछ भी पता नहीं लग पाया कि कहां दफनाया गया है, लेकिन तफ्तीश जारी है और अगर उस तंजीम से कोई और पकड़ा जाएगा तो उससे पूछताछ की जाएगी।