जम्मू-कश्मीर और पाकिस्तान कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के बीच होने वाले क्रास एलओसी ट्रेड के व्यापारियों के संगठन जम्मू-कश्मीर ज्वाइंट चैंबर का नया प्रेसीडेंट अब पीओके से होगा।
अब तक इस पद पर जम्मू चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज के पूर्व प्रेसीडेंट वाईवी शर्मा शुमार थे। जनवरी 2016 से दिसंबर 2017 तक अब पीओके का प्रेसीडेंट रहेगा। यह फैसला ज्वाइंट चैंबर की दुबई में हुई तीन दिवसीय बैठक में लिया गया।
जम्मू चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज के वर्तमान प्रेसीडेंट राकेश गुप्ता और कश्मीर चैंबर का प्रतिनिधि ज्वाइंट प्रेसीडेंट होगा। चैंबर प्रेसीडेंट राकेश गुप्ता ने कहा कि उन्होंने प्रस्ताव दिया है कि भले ही ज्वाइंट प्रेसीडेंट का कार्यकाल दो साल का हो, यदि इस दौरान चैंबर का प्रेसीडेंट बदलता है तो नया प्रेसीडेंट उस पद पर जिम्मेदारी निभाएगा।
ज्वाइंट चैंबर के प्रेसीडेंट वाईवी शर्मा ने बताया कि बैठक में दोनों ओर के व्यापारियों के प्रतिनिधि, चैंबर और रीजनल फेडरेशन के पदाधिकारी उपस्थित थे।
इस दौरान भारत और पाकिस्तान की सरकारों की ओर से बातचीत की प्रक्रिया शुरू करने का स्वागत किया गया। दोनों ओर के व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि नई दिल्ली और इस्लामाबाद एलओसी ट्रेड को प्रोत्साहन देने के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे।
क्रास एलओसी ट्रेड व्यापारियों की बैठक
सदस्यों ने दोनों सरकारों से अपील की कि ट्रेड में आने वाली बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए, ताकि दोनों ओर के लोगों में विश्वास बहाल करने के उपाय (सीबीएम) को बल मिले। खासकर दोनों ओर के व्यापारियों के बीच संपर्क, एलओसी पर व्यापारियों की लगातार बैठक की सुविधा, बैंकिंग सुविधा, ट्रेड फैसिलिटेशन सेंटर में सुविधाओं का विस्तार आदि शामिल है। बैठक में दोनों सरकारों को ट्रेड के नए मार्ग खोलने की अपील की गई।
इसमें कारगिल-कारदू और नौशेरा-छंब मार्ग शामिल हैं। साथ ही एलओसी ईस्ट (जम्मू कश्मीर) के व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल को एलओसी वेस्ट (पीओके) जाने की इजाजत देने की मांग की गई।
इस दौरान ज्वाइंट चैंबर की एक वेबसाइट भी लांच की गई, ताकि सदस्यों में संवाद हो सके। यह पहला मौका होगा, जब एलओसी ट्रेड और उसकी गतिविधियों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचेगी।
दुबई बैठक में वाईवी शर्मा के अलावा राकेश गुप्ता, कश्मीर चैंबर के प्रेसीडेंट मुश्ताक वानी, अनिल सूरी, ललित महाजन, सत्य अभूषण अबरोल (फेडरेशन आफ इंडस्ट्रीज जम्मू), पवन आनंद, हिलाल अहमद (क्रास एलओसी ट्रेडर्स), आशिक शेख (कश्मीर चैंबर), अरुण गुप्ता (जम्मू चैंबर), अशरफ मीर (फेडरेशन आफ इंडस्ट्रीज कश्मीर) और यासीन खान (ट्रेडर्स फेडरेशन) शामिल रहे।