ई-रिक्शा का जांच करते मोटर व्हीकल विभाग की टीम
- परिवहन विभाग ने ई-रिक्शा का किराया प्रति किलोमीटर 10 रुपये किया है तय
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं से अतिरिक्त किराया वसूलने वाले वाहनों चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। जम्मू रेलवे स्टेशन, आधार शिविर भगवती नगर, कैनाल रोड सहित अन्य स्थानों पर विशेष नाके लगाए जा रहे हैं। ई-रिक्शा की विशेष रूप से जांच की जा रही है। एक से 11 जुलाई तक विभाग ने कुल 368 वाहनों के चालान काटे हैं जिसमें सबसे ज्यादा 118 चालान ई-रिक्शा के हैं।
वीरवार को आरटीओ जम्मू के निर्देश पर मोटर व्हीकल विभाग की टीम ने आरटीओ पैसेंजर कुलदीप सिंह, मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर जसबीर सिंह के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन, भगवती नगर, कैनाल रोड, चौथे तवी पुल पर विशेष नाके लगाकर 300 वाहनों की जांच की। इस दौरान एक मेटाडोर को जब्त किया गया जबकि कुल 66 वाहनों के चालान किए गए। इनमें 40 से अधिक ई-चालान ई-रिक्शा के थे। चेकिंग के दौरान पाया गया कि अधिकांश ई-रिक्शा चालक तय किए 10 रुपये प्रति किलोमीटर से अधिक किराया ले रहे हैं। बता दें कि मोटर व्हीकल विभाग ने अमरनाथ यात्रा तक ई-रिक्शा का किराया प्रति किलोमीटर 10 रुपये तय किया है। इसके बावजूद ई-रिक्शा चालक मनमर्जी का किराया वसूल रहे हैं। इसकी शिकायत विभाग के उच्च अधिकारियों को मिली। इसके बाद विभाग अब विशेष अभियान के रूप में ऐसे ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है।
उधर, आरटीओ जम्मू पंकज भगोत्रा ने कहा कि अतिरिक्त किराया वसूलने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। लोगों से अपील है कि अतिरिक्त किराया लेने वाले चालकों की शिकायत करें ताकि उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके। ब्यूरो