जम्मू। शिवसेना जम्मू-कश्मीर इकाई की 40वीं छड़ी यात्रा 25 सितंबर को जम्मू से रवाना होगी। 26 को पहले नवरात्र पर श्री माता वैष्णो देवी की पवित्र गुफा में छड़ी पूजन किया जाएगा। साथ ही यात्रा के पौराणिक स्वरूप को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से पवित्र छड़ी यात्रा का पहला दर्शन माता कौल कंडौली में किया जाएगा। यह जानकारी प्रदेश प्रमुख मनीश साहनी ने प्रेसवार्ता में दी।
उन्होंने कहा कि 25 सितंबर को महाराजा हरि सिंह पार्क में एक भव्य कार्यक्रम होगा। इस दौरान अखंड ज्योति एवं पवित्र छड़ी के दर्शनों के बाद भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद ढोल नगाड़ों के साथ एक भव्य शोभायात्रा के रूप में पवित्र छड़ी एवं अखंड ज्योति को जम्मू के रघुनाथ बाजार, पुरानी मंडी से कौल कंडोली मंदिर नगरोटा होते हुए कटड़ा के लिए रवाना होगी। पहले शारदीय नवरात्र पर 26 सितंबर को श्री माता वैष्णो देवी की पवित्र गुफा में पूजा-अर्चना की जाएगी।