जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने भारत सरकार पर आरोप लगाया है कि वह जिला विकास परिषद (डीडीसी) चुनाव में गैर भाजपा दलों को चुनाव प्रचार करने से रोक रही है। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया है कि चुनाव से पहले उनकी पार्टी के प्रत्याशियों को चुनाव प्रचार से रोकने के लिए हिरासत में ले लिया गया है। उन्होंने पार्टी उम्मीदवार को रिहा किए जाने की मांग की है।
महबूबा ने ट्वीट कर कहा भारत सरकार गैर भाजपा दलों को डीडीसी चुनाव में प्रचार करने से रोक रही है। पीडीपी के बशीर अहमद के पास पर्याप्त सुरक्षा होने के बाद भी उनकी सुरक्षा को लेकर खतरा बताकर उन्हें हिरासत में ले लिया गया है। आज नामांकन भरने का आखिरी दिन है और हमने अनंतनाग के जिला कलेक्टर से बात की है कि उन्हें छोड़ दिया जाए।
महबूबा मुफ्ती का ये बयान तब आया है जब कश्मीर की तमाम बड़ी पार्टियां जिसमें नेशनल कांफ्रेंस और पीडीपी भी शामिल हैं ये आरोप लगा रहे हैं कि चुनाव प्रचार नहीं करने दिया जा रहा और उनके प्रत्याशियों को प्रशासन घरों में लॉक कर रहा है।