पुंछ/नौशेरा। पाकिस्तानी सेना संघर्ष विराम के उल्लंघन से बाज नहीं आ रही है। रविवार को पुंछ और नौशेरा में गोलाबारी कर चौकियों और रिहायशी इलाकों को निशाना बना गोले दागे। सेना ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया।
पुंछ में पकिस्तानी सेना ने रविवार रात आठ बजे अचानक सैन्य चौकियों और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया। पहले यूनिवर्सल मशीनगन से फिर मोर्टार दागने शुरू कर दिए। गोलाबारी से नियंत्रण रेखा से सटे इलाकों में दहशत का माहौल पैदा हो गया है। गोलाबारी में कहीं पर भी किसी प्रकार के नुकसान का समाचार नहीं है। देर रात तक गोलाबारी जारी थी।
इधर, नौशेरा सेक्टर में पाकिस्तानी सेना ने रविवार देर शाम 7.45 बजे छोटे और बड़े हथियारों से गोलाबारी शुरू कर दी। सैन्य चौकियों को निशाना बनाया गया। सेना ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया। गोलाबारी करीब एक घंटे तक जारी रही।
नियंत्रण रेखा से सटे लोगों ने कहा, पाकिस्तान आए दिन रिहायशी इलाकों में गोलाबारी कर दहशत पैदा कर रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि पाकिस्तान को एक बार करार सबक सिखाया जाए ताकि वह दोबारा ऐसी हरकत के बारे सोचे भी नहीं।