पुंछ/हीरानगर। पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए अग्रिम चौकियों तथा रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर गोलाबारी की। हालांकि, इसमें किसी प्रकार के नुकसान की खबर नहीं है। सेना और बीएसएफ ने मुंहतोड़ जवाब दिया है। इस बीच मंगलवार की रात बालाकोट सेक्टर के गांव लंजोट में पाकिस्तानी गोलाबारी में घायल 60 वर्षीय महिला हाकम बी ने इलाज के दौरान वीरवार को दम तोड़ दिया।
पुंछ के कीरनी और कसबा सेक्टर में पाकिस्तान ने वीरवार की रात करीब 9.40 बजे अचानक गोलाबारी शुरू कर दी। देर रात तक दोनों तरफ से गोलाबारी जारी थी। इससे पहले बुधवार तड़के पाकिस्तानी सेना ने जिले के बालाकोट क्षेत्र में भारी गोलाबारी की थी। गांव लंजोट में मोर्टार धमाके में दो महिलाएं घायल हो गई थीं। जिसमें एक महिला रेशम बी की मौत हो गई थी, जबकि हाकम बी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। हाकम का इलाज राजोरी जीएमसी में चल रहा था।
-हीरानगर में छह घंटे दागे गोले
दूसरी ओर हीरानगर में आईबी पर पाकिस्तानी रेंजर्स ने बुधवार रात 11 बजे गोलाबारी शुरू कर दी जो सुबह पांच बजे तक जारी रही। पाकिस्तान चिनाब रेंजर्स के सैनिकों ने पप्पू चक पोस्ट व जगुवाल पोस्ट से गोलाबारी कर सीमा सुरक्षा बल की चांदवा, कोठा पोस्ट को निशाना बनाते हुए कई गोले दागे। सीमा पर चल रहे सुरक्षा बांध के कार्य को बाधित करने के लिए पाकिस्तान के सैनिक इसी तरह से रात को गोलाबारी करते हैं।