पाकिस्तान ने कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के तंगधार सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर सोमवार शाम अग्रिम चौकियों व रिहायशी इलाकों को निशाना बनाते हुए गोलाबारी की। इससे पहले रविवार की रात हीरानगर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान ने चार घंटे तक गोले बरसाए। दोनों घटनाओं में फिलहाल किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है।
यह भी पढ़ेंः 24 साल की उम्र में इस जवान ने पाक को किया था पस्त, जेब में रखी गीता से हुई थी पार्थिव शरीर की पहचान
सैन्य प्रवक्ता कर्नल राजेश कालिया ने बताया कि सोमवार की शाम लगभग साढ़े सात बजे तंगधार सेक्टर में पाकिस्तान ने सनोज पोस्ट से रावन और दर्शन चौकियों को निशाना बनाकर हल्के हथियारों के साथ गोलाबारी शुरू की। बाद में मोर्टार और भारी हथियारों का प्रयोग शुरू कर दिया।
पाकिस्तान ने अग्रिम चौकियों तथा रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर की गई गोलाबारी से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। उन्होंने सुरक्षित ठिकानों में भाग कर शरण ली। सेना गोलाबारी का जरूरत के अनुरूप जवाब दे रही है।
आईबी पर सुरक्षा बांध को नुकसान पहुंचाने के लिए कर रहा फायरिंग
हीरानगर में पाकिस्तान ने आईबी पर बीएसएफ की चौकी और रिहायशी इलाकों पर चार घंटे तक गोले दागे। पाकिस्तान ने आईबी पर चल रहे सुरक्षा बांध के कार्य को बाधित करने के लिए बीएसएफ की चांदवा पोस्ट और आसपास के रिहायशी इलाकाें पर रविवार देर रात 12 बजे से सोमवार अलसुबह चार बजे तक मोर्टार दागे और फायरिंग भी की। बीएसएफ की जवाबी कार्रवाई ने पाकिस्तान को गोलाबारी रोकने पर विवश कर दिया। चार घंटे बाद सुबह चार बजे पाकिस्तान ने गोलाबारी बंद कर दी।