श्रीनगर/कुपवाड़ा। उत्तरी कश्मीर के सीमांत जिले कुपवाड़ा के माछिल सेक्टर में पाकिस्तान ने संघर्ष विराम का उल्लंघन कर सेना की अग्रिम चौकियों पर गोलाबारी की। सेना की तरफ से भी मुंहतोड़ जवाब दिया गया। देर शाम गोलाबारी बंद हो गई। पिछले कुछ दिनों से पाकिस्तान लगातार उत्तरी कश्मीर की एलओसी से सटे रिहायशी इलाकों में गोलाबारी कर रहा है। इससे लोगों में दहशत का माहौल है।
पाकिस्तानी सेना ने वीरवार दोपहर करीब तीन बजे माछिल सेक्टर में दुर्गा पोस्ट पर गोलाबारी की। इसका मुंहतोड़ जवाब 4 जैक राइफल्स के जवानों ने दिया। इसके अलावा करीब 3.30 बजे इसी सेक्टर में गुलाब और दोलक पोस्ट को भी निशाना बनाया गया। सेना के अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने मोर्टार और छोटे हथियारों का इस्तेमाल किया। बता दें, इससे पहले पाकिस्तानी सेना ने कुपवाड़ा के नौगाम और तंगधार सेक्टर के साथ-साथ बारामुला के बोनियार सेक्टर में गोलाबारी की थी। उड़ी सेक्टर में रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया था।