पुंछ/नौशेरा। पाकिस्तानी सेना ने शुक्रवार को नौशेरा और पुंछ सेक्टर में संघर्ष विराम का उल्लंघन कर गोलाबारी की। रिहायशी इलाकों और सैन्य चौकियों को निशाना बनाया। सेना ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया।
पुंछ के कृष्णा घाटी सेक्टर में शुक्रवार की अलसुबह तीन बजे पाकिस्तानी सेना ने भारतीय चौकियों और उससे सटे रिहायशी इलाकों पर मोर्टार दागने शुरू कर दिए। अचानक शुरू की गई गोलाबारी से रिहायशी इलाकाें के लोग भयभीत हो गए। वहीं सेना ने भी पाकिस्तानी सेना पर जवाबी कार्रवाई की। गोलाबारी सुबह सात बजे तक चलती रही। हालांकि इसमें किसी प्रकार का नुकसान तो नहीं हुआ लेकिन रिहायशी इलाकों के लोग भयभीत हो गए। गौरतलब है कि इससे पहले वीरवार रात आठ बजे भी पाकिस्तानी सेना ने गुलपुर सेक्टर के खड़ी और करमाड़ा में गोलाबारी की थी जो देर रात एक बजे तक चलती रही। अभी लोग सो भी नहीं पाए थे कि दो घंटे बाद पाकिस्तानी सेना ने दोबारा गोलाबारी शुरू कर दी।
उधर पाकिस्तानी सेना ने नौशेरा सेक्टर के कलाल, सेर, मकड़ी, नंब और कोड़ाली में जमकर गोलाबारी की। गोलाबारी दो बार सुबह 7.20 से दस बजे तक तथा दोपहर 12 से एक बजे तक की गई। सैनिकों ने भी इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। हालांकि गोलाबारी में किसी भी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है।
पाकिस्तान को सबक सिखाए सेना
नौशेरा एलओसी के समीप भवानी पंचायत के सरपंच सुनील चौधरी ने बताया कि हमारा क्षेत्र रेड जोन घोषित किया गया है। लॉकडाउन की वजह से पहले से ही लोग परेशान हैं, पाकिस्तान की गोलाबारी ने मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री से मांग की है कि पाकिस्तानी सेना को ऐसा कड़ा सबक सिखाए ताकि वह दोबारा भारत की तरफ आंख न उठा सके।