घाटी में शांति बहाली की कवायद के चलते दो दिनी दौरे पर रियासत आए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के लौटने के कुछ घंटे बाद ही पाकिस्तान ने एलओसी (लाइन आफ कंट्रोल) से सटी भारतीय सेना की चौकियों को निशाना बनाकर फायरिंग की।
सोमवार आधी रात बाद पहले पाकिस्तानी सेना की ओर से शाहपुर सेक्टर में पहले छोटे हथियारों से फायरिंग की और कुछ देर बाद ही मोर्टार दागने भी शुरू कर दिए। भारतीय सेना की ओर से पाकिस्तानी कार्रवाई का मुंहतोड़ जवाब दिया गया। मंगलवार सुबह तक दोनों ओर से रुक-रुक फायरिंग हो रही थी।
सैन्य सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तानी गोलाबारी में किसी तरह के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ था।
LOC पर आतंकियों का जमावड़ा
Pakistan Border
- फोटो : Amar Ujala
भारतीय नियंत्रण रेखा पर बड़े पैमाने पर घुसपैठ करने की साजिश रची जा रही है। कश्मीर की एलओसी पर घुसपैठ करने के बाद जम्मू संभाग की एलओसी पर बड़ी घुसपैठ के प्रयास किए जा रहे हैं। पाकिस्तान सेना की बार्डर एक्शन टीम (बैट) साजिश में आतंकियों का पूरा साथ दे रही है।
बैट टीम ने ही 2013 में सेना के लांस नायक हेमराज का सिर काटकर उनकी हत्या कर दी थी। पुंछ जिले से लेकर जम्मू जिले तक की एलओसी पर आतंकी घात लगाए बैठे हैं। जो घुसपैठ करने के बाद बड़े बैट हमले की फिराक में हैं।
पिछले पांच दिन के भीतर एलओसी पर दो बार घुसपैठ और बैट हमले की कोशिश की है। इसमें एक भारतीय सैन्य जवान शहीद हुआ है और एक घायल हो गया।
सीमा पार से 30 आतंकियों का दल घुसपैठ की फिराक में
सीमा पर मुस्तैद जवान
- फोटो : Getty
खुफिया सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आतंकियों ने अखनूर के पलांवाला सेक्टर के जोगमा में दो बार घुसपैठ की कोशिश की है। पांच दिन पहले बैट हमला कर स्नाइपर से भारतीय जवान को शहीद कर दिया। इसके बाद 2 सितंबर को जोगमा में ही पाकिस्तानी रेंजरों ने सीज फायर का उल्लंघन किया।
सूत्रों की मानें तो यह फायरिंग आतंकियों को घुसपैठ कराने के लिए थी। पुंछ जिले के बलनोई, मंडी, राजोरी जिले के गंभीर मुगलां, सेरी, पोखरा, नौशेरा, जम्मू के पलांवाला सेक्टर में एलओसी के उस पार पाकिस्तान की फारवर्ड पोस्टों पर करीब 30 आतंकियों का दल घात लगाकर बैठा हुआ है।
इसमें अधिकतर बैट टीम के आतंकी हैं। यह किसी बड़े हमले की फिराक में हैं। लगातार खुफिया एजेंसियों के पास बैट हमलों की जानकारी पहुंच रही है।