पाकिस्तान की ओर से आईबी और एलओसी पर लगातार नापाक हरकत जारी है। शनिवार को भी आईबी पर कठुआ जिले के हीरानगर तथा एलओसी पर उड़ी सेक्टर में गोले दागे गए। इसका भारत की ओर से मुंहतोड़ जवाब दिया गया। हालांकि, पाकिस्तानी गोलाबारी में किसी प्रकार के नुकसान की खबर नहीं है।
करीब साढ़े सात घंटे की गोलाबारी में किसी नुकसान की जानकारी नहीं है। इस दौरान दोनों पोस्ट और रिहायशी इलाकों को निशाना बना कर मोर्टार दागे और छोटे हथियारों से गोलियां बरसाईं। बीएसएफ ने भी पाकिस्तानी गोलाबारी का माकूल जवाब दिया है। उधर, सीमावर्ती ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर जारी बांध निर्माण कार्य को बाधित करने के लिए रेंजरों ने हीरानगर सेक्टर में शुक्रवार रात को भी गोलाबारी कर सीजफायर का उल्लंघन किया। मनियारी और सतपाल पोस्ट के बीच बांध बनाने का काम शुक्रवार शाम शुरू होने के बाद शाम साढ़े सात बजे से सुबह तीन बजे तक पाकिस्तान ने गोलाबारी की।
उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के उड़ी सेक्टर में पाकिस्तान की ओर से फिर गोलाबारी की गई। इस दौरान सैन्य चौकियों के साथ ही हथलंगा, सिलिकूट व नांबला के रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया गया। सेना ने भी करारा जवाब दिया है। लगातार हो रही गोलाबारी से एलओसी से सटे गांवों में दहशत है।