पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा पर सोमवार को फिर संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए तीन सेक्टरों में गोले दागे। इस दौरान पुंछ के कस्बा व कीरनी तथा जम्मू के पलांवाला सेक्टर में मोर्टार बरसाए। सेना के करारा जवाब से पाकिस्तानी सैनिक तीन से चार पोस्टें छोड़कर भाग खडे़ हुए हैं।
दोबारा से इन पोस्टों पर कब्जा करने के लिए देर रात तक सैनिक कोशिश करते रहे, लेकिन सेना की जवाबी कार्रवाई से इसमें दिक्कतें आ रही हैं। जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी कब्जे वाले क्षेत्र में भारी नुकसान की सूचना है।
पाकिस्तानी सेना ने सोमवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे नियंत्रण रेखा पर कीरनी और कस्बा क्षेत्र में सेना की चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बना कर मोर्टार से गोलाबारी की। करीब दो घंटे तक दोनों तरफ से गोलाबारी जारी रही। गोलाबारी से बचने के लिए लोग कई घंटों तक घरों से बाहर नहीं निकले।
एलओसी पर पलांवाला सेक्टर में पाकिस्तानी सेना ने रविवार की रात 1:20 बजे गोलाबारी शुरू कर दी। सुबह छह बजे तक की गई गोलाबारी में सीमावर्ती गांव छननी दिवानू, बदोवाल तथा घिगडयाल को भी निशाना बनाया गया। सोमवार दोपहर एक बजे सीमावर्ती गांव पलातन में शादी के एक कार्यक्रम में डीजे लगा था।
इसी दौरान पाकिस्तानी सेना की तरफ से एक गोला दागा गया। गोला गांव से कुछ दूर गिरा, जिसके बाद डीजे बंद कर दिया गया। इस गांव में रात 8.10 बजे सीमा पार से दोबारा फायरिंग शुरू कर दी गई है।