पाकिस्तानी सेना ने किया संघर्षविराम का उल्लंघन
पाकिस्तान की ओर से लगातार संघर्षविराम किया जा रहा है। आए दिन पाकिस्तानी सेना संघर्षविराम का उल्लंघन कर आतंकियों को घुसपैठ कराने की फिराक में जुटी हुई है। इसी क्रम में आज यानी कि मंगलवार को पुंछ जिले के शाहपुर सेक्टर में सीमा पार से गोले दागे गए। हालांकि किसी भी तरह के जान माल के नुकसान की खबर नहीं है। वहीं भारतीय सेना पाकिस्तान की इस नापाक हरकत का माकूल जवाब दे रही है।
इससे पहले नियंत्रण रेखा पर सोमवार को पाकिस्तानी सेना ने पुंछ जिले के कस्बा, कीरनी और गुलपुर सेक्टर के करमाड़ा में सैन्य चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर मोर्टार दागे। जिसका सेना ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया।
सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे कस्बा और कीरनी सेक्टर में पाकिस्तानी सेना ने गोलाबारी शुरू की। ये गोलाबारी थमी नहीं थी कि साढे़ छह बजे गुलपुर सेक्टर के करमाड़ा में भी शुरू हो गई।
धमाकों की आवाज पुंछ नगर में भी सुनाई दे रही थी। हालांकि कहीं से किसी भी तरह के जान माल के नुकसान की खबर नहीं है। देर रात तक तक गोलाबारी जारी थी। गोलाबारी से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।