पाकिस्तान ने वीरवार को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय सीमा पर 15 पोस्टों को निशाना बनाकर भारी गोलाबारी की। रिहायशी इलाकों में भी गोले दागे गए। इस दौरान बीएसएफ के एक जवान सहित दो लोग घायल हो गए। आधा दर्जन से अधिक मवेशी भी मारे गए। कुछ घरों को भी नुकसन पहुंचा है।
गोलाबारी को देखते हुए बार्डर से पांच किलोमीटर के दायरे में आने वाले सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया। बीएसएफ ने भी पाक रेंजरों की गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया है। बीएसएफ के एक अधिकारी के अनुसार कठुआ के हीरानगर सेक्टर में बुधवार की रात 10 बजे और सांबा जिले में सुबह दो बजे पाक ने गोलाबारी शुरू कर दी।
इस दौरान मोर्टार शेल भी दागे गए। गोलाबारी में सांबा सेक्टर में बीएसएफ 80 बटालियन के जवान प्रवीण कुमार मिश्र और हीरानगर सेक्टर में नागरिक दौलत राम घायल हो गए। पाकिस्तान ने रिगाल, चलेयारी, चचवाल, मंगूचक, सुचेतगढ़, बोबिया, लोंडी, करोल काटव, मनयारी, छन्न लाल दीन आदि इलाकों को निशाना बनाया।
हीरानगर सेक्टर के लौंडी और बोबिया बीओपी से सटे गांव को पाकिस्तानी रेंजर लगातार निशाना बना रहे हैं। बुधवार रात आठ बजे से पाकिस्तानी गोलाबारी का सिलसिला रातभर रुक-रुक कर जारी रहा। पाकिस्तान ने वीरवार दोपहर 12 बजे तक लौंडी, बोबिया, पानसर, मनियारी, पहाड़पुर समेत आधा दर्जन पोस्टों को निशाना बनाया।
पाटी मेहरू, बोबिया आदि में घरों को भी आंशिक रूप से गोलाबारी से नुकसान हुआ है। हीरानगर विधायक कुलदीप राज भी दिनभर चकड़ा गांव में स्थिति का जायजा लेने के लिए डेरा जमाए रहे। सांबा जिले में गोलाबारी में रिगाल पोस्ट पर तैनात बीएसएफ की 80वीं वाहिनी का जवान प्रवीण कुमार मिश्रा घायल हो गया।
जवानों ने उसे पंजटीला हेडक्वार्टर पहुंचाया और वहां से जम्मू सैन्य अस्पताल रेफर कर दिया। पाकिस्तान ने वीरवार तड़के दो बजे सीमावर्ती पोस्ट वैनगलाड़ ,चक फकीरा, सदोह, रिगाल, चलेआरी, मंगु चक, चक दुलमा और कटाव पोस्ट पर एक साथ गोलाबारी शुरू कर दी। रख कंगवाला के किसान वलदेव राज व सुभाष की तीन गाय घायल हो गईं।