पाकिस्तान की नापाक हरकत गरुवार पर राजोरी व पुंछ जिले में कई स्थानों पर सेना की अग्रिम पोस्ट तथा रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर भारी गोलाबारी की गई। इसमें एक महिला की मौत हो गई, जबकि सेना के जवान व दो महिलाएं घायल हैं। पूरी एलओसी पर तनाव की स्थिति है।
राजोरी जिले के नौशेरा सेक्टर और पुंछ जिले में मेंढर व बालाकोट से दिगवार सेक्टर के बीच भयंकर गोलाबारी की गई। गोलाबारी सुबह से देर शाम तक जारी रही। मेंढर के छजला गांव में एक महिला की मौत हो गई। मृत महिला की पहचान अमीन अख्तर (32) के रूप में हुई है। गोलाबारी में मनकोट सेक्टर में छुट्टी लेकर घर आया सेना का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे मेंढर उपजिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया है। घायल की पहचान जाकिर हुसैन के रूप में हुई है।
वह सेना की तीन जैकलाई में नौकरी करता है। इन दिनों उसकी ड्यूटी कुपवाड़ा में है, जहां से वह छुट्टी लेकर अपने घर आया हुआ था। गुरुवार सुबह करीब छह बजे पाकिस्तानी सेना ने पुंछ जिले के मनकोट और कृष्णा घाटी सेक्टर में भारी गोलाबारी शुरू की। इसका भारतीय सेना ने भी मुंहतोड़ जवाब देना शुरू कर दिया। दोपहर तक बालाकोट, मेंढर, मनकोट, कृष्णाघाटी, सलोत्री, गुलपुर, करमाड़ा और दिगवार सेक्टर तक करीब 80 किलोमीटर के दायरे में पाकिस्तान गोलीबारी होनी लगी थी। भारी गोलाबारी के चलते शाम चार बजे मेंढर कस्बे के बाजारों को बंद कर दिया गया।
नौशेरा सेक्टर में बाबा खोड़ी, कलाल, गणया टाप, मानपुर, नंब कडाली में दोपहर में करीब 1:40 बजे पाकिस्तान ने मोर्टार दागने शुरू कर दिए। सेना की अग्रिम चौकियों के साथ रिहायशी इलाकों को भी बनाया निशाना। देर शाम करीब सवा छह बजे पाकिस्तान ने नौशेरा सेक्टर के कलसियां इलाके में मोर्टार दागने शुरू कर दिए। इसमें दो महिलाएं कैलाश देवी और अन्नू देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनको नौशेरा उपजिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
सुरक्षित स्थानों पर बिताई रात
एलओसी पर पलांवाला सेक्टर में बुधवार की रात हुई गोलाबारी से सीमावर्ती लोग सहम गए हैं। पाकिस्तानी सेना ने सीजफायर का उल्लंघन करते हुए सेना की पोस्टों को निशाना बनाया। एलओसी से सटे गांव घिगडयाल, पलातन, छननी दिवानु, दडछननी, पजंतुत, पलांवाला आदि के लोगों ने बुधवार की रात घरों से बाहर सुरक्षित स्थानों पर गुजारी।