उत्तरी कश्मीर के सीमांत जिले कुपवाड़ा में पाकिस्तान की ओर से सीजफायर का उल्लंघन किया गया। पाकिस्तानी सेना द्वारा भारतीय सेना की चौकियों को इस दौरान निशाना बनाया गया। भारतीय सेना की ओर से इस फायरिंग का मुहतोड़ जवाब दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार पाकिस्तानी सेना द्वारा जिले के तंगधार सेक्टर में बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे भारतीय सेना की चौकियों को निशाना बनाया गया। उन्होने छोटे हथियारों का इस्तेमाल कर इलाके में भारतीय सेना की शरारत पोस्ट, अनिल पोस्ट और ठाकुर पोस्ट को निशाना बनाया। इस बीच भारतीय सेना के जवानों ने भी पाकिस्तानी फायरिंग का मुहतोड़ जवाब दिया। बता दें कि इस दौरान किसी तरह के कोई नुकसान की खबर नहीं है।
सूत्रों ने बताया कि सुबह करीब 4 घंटे तक फायरिंग जारी रही लेकिन बाद में कुछ देर तक फायरिंग रुक गई। लेकिन बाद में फिर शुरू हो गयी जोकि आखरी खबरें मिलने तक जारी थी। गौरतलब है कि कुपवाड़ा के एसएसपी श्रीराम अंबरकरदिनकर ने अमर उजाला को फोन पर घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि फायरिंग छोटे हथियारों का इस्तिमाल कर की गयी और इसमें किसी प्रकार का कोई नुक्सान नहीं हुआ है। उन्होने बताया कि फायरिंग केवल 15 मिनट तक ही जारी रही और इस दौरान सेना की जाल पोस्ट को निशाना बनाया गया था।