पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। जम्मू कश्मीर में पुंछ जिले के कस्बा और किरनी सेक्टर में पाकिस्तानी सेना ने संघर्षविराम का उल्लंघन किया है। सीमा पार से गोलाबारी की जा रही है, जिसका भारतीय सेना माकूल जवाब दे रही है।
इससे पहले पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर शनिवार रात को बीका चेक पोस्ट से बीएसएफ की चौकियों पर गोलाबारी की। रात 09:45 से सुबह 04:35 बजे तक लगातार गोलाबारी होती रही। इस दौरान पाकिस्तानी सेना की ओर से बीएसएफ की मनियारी पोस्ट को निशाना बनाया गया।
पाकिस्तान की इस नापाक हरकत का सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया। हालांकि इस दौरान किसी प्रकार के जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। सीमा पर चल रहे सुरक्षा बांध के काम को बाधित करने के लिए पाकिस्तान पिछले कई महीनों से लगातार रात को गोलाबारी कर रहा है।