पाकिस्तानी सेना ने किया संघर्षविराम का उल्लंघन
- फोटो : ANI
दुनिया कोरोना से जंग लड़ रही है लेकिन पाकिस्तान लगातार संघर्षविराम का उल्लंघन कर अपनी नापाक हरकतों को अंजाम देने में जुटा है। आज यानी कि शुक्रवार को पाकिस्तानी सेना ने पुंछ जिले के कस्बा-कीरनी सेक्टर में सघर्षविराम का उल्लंघन किया है। सीमा पार से भारी गोलाबारी की जा रही है। वहीं भारतीय सेना पाकिस्तान की इस नापाक हरकत का माकूल जवाब दे रही है। उधर, उपराज्यपाल के सलाहकार फारूक खान पुंछ के दौरे पर पहुंचे हैं।
इससे पहले बुधवार आधी रात पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा पर गुलपुर सेक्टर में लगभग चार घंटे गोले बरसाए। इसके बाद गुरुवार सुबह कीरनी व कस्बा में अग्रिम चौकियों के साथ रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया। लोगों को बंकर में छिपकर अपनी जान बचानी पड़ी।
पाकिस्तानी सेना ने बुधवार-गुरुवार रात लगभग एक बजे से सुबह चार बजे तक जिले के गुलपुर सेक्टर में करीब चार घंटे तक भारी गोलाबारी की। पाकिस्तान ने सेना की चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर मोर्टार और यूनिवर्सल मशीन गनों से गोलाबारी की। इसके बाद सुबह पौने दस बजे से कस्बा और कीरनी सेक्टर में भी पाकिस्तानी सेना ने सैन्य चौकियों और रिहायशी इलाकों पर मोर्टार दागे।