पाकिस्तानी ने जिले में नियंत्रण रेखा पर शुक्रवार को तीसरे दिन भी युद्धविराम का उल्लंघन करते हुए गुलपुर और करमाड़ा सेक्टर में भारतीय सेना की अग्रिम चौकियों और रिहायशी इलाकों पर भारी गोलीबारी की। इससे इन इलाकों में रह रहे लोगों में खौफ का माहौल बन गया है। भारतीय सेना ने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार तड़के करीब पौने छह बजे लगातार तीसरे दिन पाकिस्तान ने जिले में सीजफायर का उल्लंघन किया। पाकिस्तानी सेना ने जिले के गुलपुर और करमाड़ा सेक्टर में पहले हल्के और बाद में बड़े हथियारों से भारतीय सेना की चौकियों व आसपास के रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया। भारतीय सेना ने इसी क्रम में पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया। करीब डेढ़ घंटे तक भारतीय सेना ने जबरदस्त जवाबी कार्रवाई की। इसके बाद पाकिस्तान ने गोलाबारी करना बंद कर दिया।
गोलाबारी से किसी प्रकार के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। भारी गोलाबारी होने से डरे हुए लोग अपने घरों में ही बंद हो कर रह गए थे। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि पाकिस्तानी सेना जिस तरह से आए दिन गोलाबारी कर रही है, ऐसे में उसे कड़ा सबक सिखाना जरूरी हो गया है। इसलिए केंद्र सरकार को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एक्शन प्लान बनाना चाहिए।
गौरतलब है कि इससे पहले बुधवार शाम को पाकिस्तानी सेना ने जिले के गुलपुर सेक्टर में हल्के हथियारों से गोलीबारी की थी। पाकिस्तान की तरफ से दागी गई गोलियां करमाड़ा गांव के मारूफ अहमद के मकान की खिड़की को तोड़ कर उसके बिस्तर पर लगी थीं। पाकिस्तानी सेना ने वीरवार को कीरनी और कस्बा में तड़के भारतीय सेना की चौकियों व रिहायशी इलाकों को निशाना बना कर गोलीबारी की थी।