पीओके में भारतीय जांबाजों की ओर से दो दिन पहले की गई टेक्टिकल स्ट्राइक से बौखलाए पाकिस्तान ने राजोरी के नौशेरा सेक्टर में गोलाबारी की। युद्धविराम का उल्लंघन करते हुए पाकिस्तानी सेना ने एलओसी पर फारवर्ड पोस्टों को निशाना बनाया।
सेना के प्रवक्ता के अनुसार पाकिस्तान ने सुबह करीब सवा आठ बजे से नौशेरा सेक्टर के बाबा खोड़ी पोस्ट पर मोर्टार और भारी हथियारों से गोलाबारी की गई। भारतीय जवानों ने भी पाकिस्तान को करारा जवाब देते हुए गोलाबारी तेज कर दी।
करीब चार घंटे तक दोनों ओर से भारी गोलाबारी हुई। पाकिस्तान ने पहले हल्के और फिर भारी हथियारों से फायरिंग की। पाक ने भारतीय पोस्टों की ओर मोर्टार दागे। भारतीय जवानों ने भी पाक को उसी की जुबान में जवाब दिया।
करीब दोपहर 12 बजे पाकिस्तान की ओर से गोलाबारी बंद हुई। सेना प्रवक्ता के अनुसार पाक गोलाबारी में किसी भी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ है। पाकिस्तान की ओर से हुई गोलाबारी के बाद नौशेरा समेत एलओसी से सटे तमाम इलाकों में उपजे तनाव के मद्देनजर सुरक्षाबलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
इसके साथ ही सीमा से सटे क्षेत्रों में सुरक्षाबलों को पाकिस्तान की दिशा से आतंकियों की घुसपैठ होने के इनपुट होने की जानकारी देते हुए पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
#FLASH: Ceasefire violation by Pakistan in Baba Khori in #Nowshera sector of J&K's #Rajouri. pic.twitter.com/3FvX6HqfWM
— ANI (@ANI) December 27, 2017