जहां एक तरफ पाकिस्तान शांति का दूत बनने की बात कर रहा है और इसके तहत भारतीय वायु सेना के विंग कमांडर अभिनंदन को छोड़ा है। वहीं दूसरी तरफ जम्मू-कश्मीर में सीमा पर पाक की तरफ से फायरिंग जारी है। कश्मीर घाटी में भी आतंकियों से मुठभेड़ जारी है। इस मुठभेड़ में सीआरपीएफ के एक इंस्पेक्टर सहित चार जवान शहीद होने की भी खबर है। वहीं सीजफायर उल्लंघन में शुक्रवार को तीन नागरिकों की भी मौत हो गई है।
सेना की अग्रिम पोस्टों के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर गोले दागे। इसमें कई मकानों को क्षति पहुंची है। पुंछ के झुलास गांव में गोला गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। इनमें एक महिला व दो बच्चे शामिल हैं। कई अन्य घायल हुए हैं। पुंछ के शाहपुर, बालाकोट, मेंढर सेक्टर, राजोरी के नौशेरा सेक्टर तथा उड़ी में गोले दागे। इससे एलओसी से सटे इलाकों में दहशत है। सेना ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया है।
ऐसे में इस बात को कैसे स्वीकारा जाए कि पाकिस्तान भारत से शांतिपूर्ण तरीके से रिश्ते कायम करना चाहता है। पाकिस्तान लगातार कई हफ्तों से सीमा पर सीजफायर का उल्लंघन कर रहा है। वह लोगों के घरों और भारतीय सुरक्षाबलों की चौकियों को भी निशाना बना रहा है।
आपको बता दें कि शुक्रवार को सीमा से सटे राजोरी के नौशेरा सेक्टर में शाम 04:15 बजे भारी मोर्टार शेलिंग शुरू कर दी। इसके साथ ही पाकिस्तान ने भारतीय चौकियों और सीमा से सटे गांव को भी निशाना बनाया। उधर उरी सेक्टर में भी पाक की नापाक हरकत के चलते भारी गोलाबारी को देखते हुए लोग अपना घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर पलायन कर गए हैं।
पाकिस्तान ने गुरुवार को भी भारतीय सीमा से सटे सभी सेक्टरों को निशाना बनाया था। जिसमें राजोरी जिले के नौशेरा सेक्टर में बाबा खोड़ी, कलाल, गणया टाप, मानपुर, नंब कडाली और पुंछ जिले में मेंढर व बालाकोट से दिगवार सेक्टर सहित उरी सेक्टर भी शामिल थे। वहीं गुरुवार दोपहर तक बालाकोट, मेंढर, मनकोट, कृष्णाघाटी, सलोत्री, गुलपुर, करमाड़ा और दिगवार सेक्टर तक करीब 80 किलोमीटर के दायरे में पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी होने लगी थी। भारी गोलाबारी के चलते शाम चार बजे मेंढर कस्बे के बाजारों को बंद कर दिया गया था।
सीजफायर उल्लंघन में महिला की मौत, कई घायल
मेंढर के छजला गांव में गुरुवार को गोलाबारी के चलते एक महिला की मौत हो गई। मृत महिला की पहचान अमीन अख्तर (32) के रूप में हुई है। गोलाबारी में मनकोट सेक्टर में छुट्टी लेकर घर आया सेना का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे मेंढर उपजिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया है। घायल की पहचान जाकिर हुसैन के रूप में हुई थी।