चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान ने अपने दो दिवसीय जम्मू-कश्मीर दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार को जम्मू में अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा की स्थिति की समीक्षा की। रक्षा मंत्रालय के प्रमुख प्रवक्ता ए भारत भूषण बाबू ने ट्वीट कर बताया कि जनरल चौहान नगरोटा छावनी का दौरा करने के बाद दिल्ली लौट गए।
उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी, डीजीपी दिलबाग सिंह समेत कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में सीडीएस ने सीमा पार से घुसपैठ रोकने, ड्रोन गतिविधियों व हाल में राजोरी व जम्मू में हाल में हुए आईईडी धमाकों समेत सुरक्षा से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। इससे पहले वीरवार को सीडीएस ने अपनी यात्रा के पहले दिन कश्मीर में अग्रिम क्षेत्रों और भीतरी इलाकों का दौरा किया, जहां उन्हें फील्ड अधिकारियों द्वारा सुरक्षा स्थिति के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान एलओसी के साथ एलएसी के हालात की भी समीक्षा की गई।
जम्मू पहुंचने पर सीडीएस चौहान का वायु सेना स्टेशन जम्मू के एयर ऑफिसर कमांडिंग एयर कमोडोर जी एस भुल्लर ने स्वागत किया। इस बैठक में डीजीपी दिलबाग सिंह, सेना की व्हाइट नाइट कार्प के जीओसी संदीप जैन, सेना की 26 इन्फेंट्री डिविजन के जीओसी गौरव गौतम, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, जम्मू क्षेत्र, मुकेश सिंह भी मौजूद रहे।