जेकेएसएसबी पेपर लीक मामले में सीबीआई ने ज्यौड़ियां में मारा छापाज्यौड़ियां। जेकेएसएसबी पेपर लीक मामले को लेकर शुक्रवार को सीबीआई की टीम ने वित्त विभाग में लेखा सहायकों की भर्ती परीक्षा को पास करने करने वाले क्षेत्र के दो अभ्यर्थियों के घरों में छापामार कर सबूत जुटाए। इसमें खौड़ के पलांवाला क्षेत्र के गांव कचरेयाल निवासी रीतू शर्मा पुत्री रामपाल शर्मा तथा तहसील ज्यौड़ियां के गांव चक किरपाल पुर निवासी काजल शर्मा पत्नी दीपक कुमार शामिल हैं।
इन दोनों घरों में सीबीआई की टीमें एक ही समय पहुंची। पहले तो परिवार के लोग समझ नहीं पाए, लेकिन टीम की तरफ से परिचय देने पर पता चल गया। जानकारी के अनुसार टीमों ने दोनों घरों के भीतर दस्तक देते ही दोनों घरों के दरवाजे बंद कर परिवार के लोगों के मोबाइल जब्त कर लिए। घर के सभी सदस्यों के बैंक खाते और दस्तावेज जुटा लिए और जांच शुरू कर दी। सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक सीबीआई की टीमें दोनों घरों में रहीं।
-
अरनिया के गांव कल्याणा में सीबीआई ने मारा छापासंवाद न्यूज एजेंसी
अरनिया। अरनिया थानांतर्ग गांव कल्याणा में शुक्रवार सुबह सीबीआई की छह सदस्यों की टीम ने एक घर में छापा मारा। जानकारी के अनुसार लेखा सहायक पेपर लीक मामले में कल्याणा गांव के रहने वाले दिलदार सिंह उर्फ माइकल पुत्र बलवीर सिंह के घर पर हुई कार्रवाई के दौरान टीम में एक महिला अधिकारी भी शामिल रही।
टीम जैसे ही दिलदार सिंह के घर पहुंची तो घर में दिलदार सिंह के मां-बाप मौजूद थे। सीबीआई के अधिकारियों ने घर की छानबीन शुरू कर दी। टीम ने पुराने दस्तावेजों को खंगालना शुरू कर दिया। प्रिंटर और लैपटॉप से टीम के सदस्य बड़ी बारीकी के साथ दस्तावेजों को चेक कर रहे थे। देखते ही देखते दिलदार सिंह के घर के चारों तरफ गांव के लोगों की भीड़ उमड़ने लगी। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और लोगों को जाने के लिए कहा। शाम 5:00 बजे तक सीबीआई टीम की पूछताछ चलती रही। दूसरी ओर दिलदार सिंह उर्फ माइकल सुबह से ही गायब था। टीम के सदस्यों ने उसे फोन किया, लेकिन वह लगातार बंद चल रहा था। टीम की कार्रवाई के दौरान कुछ दस्तावेज फोन और अन्य सामान जो संदिग्ध पाया गया, उसको कब्जे में लेकर चले गए। दिलदार सिंह उर्फ माइकल स्नातक के पहले वर्ष की पढ़ाई कर रहा है। सीबीआई टीम को पेपर लीक मामले में उसका हस्तक्षेप होने की आशंका है। उसी संदर्भ में उसके घर में छापा मार कार्रवाई की गई है।