कुछ माह शांत रहने के बाद पशु तस्करी करने वाले फिर से सक्रिय हो गए हैं। पिछले एक महीने पर नजर डाली जाए तो शहर में आधा दर्जन मामले पशु तस्करी के दर्ज किए गए हैं। ऐसा इसलिए भी हुआ कि पिछले कुछ दिनों से मुगल रोड बंद हुआ है।
इस रूट को तस्कर सबसे अधिक इस्तेमाल करते हैं, लेकिन बर्फबारी की वजह से यह रोड बंद हो गया है। इसलिए अब तस्करों ने जम्मू का रूट चुन लिया है। तस्करों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस का आदेश भी हवा हो गया है।
अभी दो हफ्ते पहले की ही बात है पशु तस्करों ने पुलिस को चकमा देते भागने की पूरी कोशिश की, लेकिन कुछ दूर जाने के बाद पकड़े गए। यहां तक फ्लाई ओवर पशुओं से लदा ट्रक पलट गया। इसके बाद हिंदू संगठनों ने काफी विरोध भी किया।
उसी दिन पुलिस ने मांडा चौक में पशुओं से लदा एक और ट्रक पकड़ा। बीते शनिवार के दिन तीन जगहों पर पशु तस्करी होने के मामले दर्ज किए गए। घरोटा पुलिस स्टेशन में तस्करी का मामला दर्ज हुआ, लेकिन आरोपी फरार हो गया। नगरोटा में पशु तस्करी का मामला दर्ज हुआ। करीब दस दिन पहले भी आरएस पुरा में तस्कर को दबोचा गया और मवेशी पकड़े गए।