श्रीनगर में बारिश के दौरान जाते लोग।
- फोटो : ANI
जम्मू और कश्मीर के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी के साथ मैदानी इलाकों में रुक-रुक कर बारिश जारी है। इससे दिन और रात के तापमान में भारी गिरावट आई है। यातायात विभाग ने पर्वतीय क्षेत्र में लंबी दूरी की यात्रा में सावधानी बरतने की सलाह दी है।
बर्फीली हवाओं की ठंड में जोश भर रहे मां के जयकारे
भवन सहित धर्मनगरी में दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण ठंड ने दुश्वारियां बढ़ा दी हैं, लेकिन बारिश और त्रिकुटा की चोटियों पर जमी बर्फ के चलते कड़ाके की ठंड में माता के जयकारे जोश भर रहे हैं। बारिश के साथ बर्फीली हवाओं के बीच आगे बढ़ रहे श्रद्धालु जय माता दी की जयकारे लगाते हुए एक दूसरे का जोश बढ़ा रहे हैं।
यात्रा में गिरावट जरूर आई है लेकिन लगातार खराब चल रहे मौसम में भी श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार जारी है। त्रिकूटा पर्वत की ऊंची चोटियों व भैरो घाटी में 3 से 4 इंच तक ताजा हिमपात दर्ज किया गया है। उम्मीद है कि जल्द श्रद्धालुओं को मां वैष्णो देवी भवन पर भी बर्फबारी देखने को मिल सकती है। इसका श्रद्धालु भी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
कहां कितनी हुई बारिश
- कटड़ा 82.4 (मिलीमीटर)
- पहलगाम 38.0
- श्रीनगर 12.4
- गुलमर्ग 52.6
- जम्मू 47.0
- बनिहाल 71.8
- बटोत 73.0
- भद्रवाह 40.7