जम्मू-कश्मीर में सांबा जिले के जतवाल के पास संदबडी में सोमवार की देर रात एक ओमनी वैन सेना के खड़े वाहन से जा भिड़ी। इस हादसे में वैन में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी रिश्तेदार थे।
बडेयाल निवासी गोपी कृष्ण (29) की शादी डोडा में तय हुई थी। सोमवार को उसकी मंगनी (रिंग सेरेमनी) थी। कार्यक्रम के बाद गोपी, उसके भाई-भाभी और अन्य रिश्तेदार डोडा से ओमनी वैन (जेके21सी-2944) में सवार होकर घर लौट रहे थे।
वैन सोमवार रात करीब डेढ़ बजे संदबडी पहुंची तो अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया और बेकाबू वैन सड़क किनारे खड़े सेना के वाहन से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गोपी कृष्ण, उसके चचेरे भाई हर्षवर्धन (20) और रिश्तेदार महिला सुनीता रानी (32) निवासी चक दुलमा की मौके पर ही मौत हो गई जबकि गोपी के भैया-भाभी सहित कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को पहले एक्सीडेंटल अस्पताल घगवाल पहुंचाया गया। वहां से गोपी के भाई आशा राम को अमृतसर रेफर कर दिया गया। भाभी रेणु शर्मा, वैन के चालक शम्मी (22) निवासी नडाला और बडेयाल निवासी अश्वनी कुमार का पुत्र तक्ष (एक साल) का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा कर शव परिवार को सौंप दिए हैं।