शोपियां के तड़पावन में नहर में गिरी कार। -संवाद
श्रीनगर। शोपियां जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राजोरी से बाबानगरी की ओर जा रही एक कार सड़क से फिसलकर नहर में जा गिरी। इससे एक बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार पांच अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार कार राजोरी से बाबानगरी की ओर जा रही थी। कार में छह लोग सवार थे। इस दौरान शोपियां के पड़पावन इलाके के पास चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया। इससे कार नहर में गिर गई। घटना में राजोरी जिले के पंगरी निवासी 80 वर्षीय नूरा बेगम पत्नी रोशन दीन की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद घायलों को तत्काल पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से दो की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें श्रीनगर के एसएमएचएस अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।