जम्मू। घाटी में अल्पसंख्यकों को सुरक्षा देने में सरकार विफल रही है। इस कारण अल्पसंख्यक फिर से पलायन करने के लिए मजबूूर हो गए हैं। यह आरोप बुधवार शाम को वेयरहाउस के व्यापारियों ने घाटी में मारी गई सांबा निवासी शिक्षिका को कैंडल मार्च निकाल कर श्रद्धांजलि देने के दौरान लगाया है।
कैंडल मार्च के दौरान व्यापारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घाटी में जारी अल्पसंख्यकों की हत्याओं पर रोष जताया है। वहीं, सरकार से जल्द अल्पसंख्यकों और कर्मचारियों की सुरक्षा पुख्ता करने की अपील की है। ट्रेर्ड्स फेडरेशन वेयरहाउस नेहरू मार्केट के अध्यक्ष दीपक गुप्ता ने कश्मीर में दिनदहाड़े अल्पसंख्यकों की हत्याओं की निंदा की। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण है कि कश्मीर से अल्पसंख्यकों को एक बार फिर से पलायन करना पड़ रहा है। आतंकवादी अल्पसंख्यकों को निशाना बना रहे हैं। केंद्रीय गृहमंत्री को लक्षित हत्याओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। इस दौरान मुनीश महाजन, अभिमन्यु गुप्ता और अमित गुप्ता आदि मौजूद रहे।