अगर आप आईआईटी जम्मू से पीएचडी करने के इच्छुक हैं तो वक्त आ चुका है। वीरवार से इसके लिए आन लाइन आवेदन शुरू हो गए हैं। अभ्यर्थियों की पहली शार्ट लिस्टिंग 10 मार्च से की जाएगी।
फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथ्स में एमएससी या इंजीनियरिंग की विधाओं में बीटेक/एमटेक या एमएससी (इंजीनियरिंग) की डिग्री हासिल अभ्यर्थी पीएचडी के लिए आवेदन कर सकते हैं। उनका संबंधित विषय में नेट या गेट क्वालिफाइड भी होना जरूरी है।
शार्ट लिस्ट किए गए अभ्यर्थियों को टेस्ट/इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। चुने गए अभयर्थियों को आईआईटी के नियमों के मुताबिक सेमेस्टर कोर्स वर्क, स्कालरशिप के लिए एनरोल किया जाएगा।
इच्छुक छात्र सिविल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, केमिस्ट्री मैथ्स, फिजिक्स के साथ ही इंटर डिसिप्लिनरी रिसर्च को अंजाम दे सकते हैं।
आन लाइन आवेदन के लिए सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को दो सौ रुपये फीस चुकानी होगी। अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए यह शुल्क महज सौ रुपये रखा गया है, जबकि शारीरिक रूप से अक्षम और अनुसूचित जाति/जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए कोई शुल्क नहीं रखा गया है।