कालेजों में दाखिला लेने पहुंच रही विद्यार्थियों की भीड़
- फोटो : Demo Pic.
जम्मू विश्वविद्यालय, सेंट्रल यूनिवर्सिटी और कालेजों में स्नातक पहले सेमेस्टर में दाखिले के लिए विद्यार्थियों की खासी भीड़ पहुंच रही है। विद्यार्थियों के सही मार्गदर्शन के लिए कई हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं।
इसमें विद्यार्थियों को विभिन्न विभागों के बारे में विस्तृत जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही आगामी तीन जुलाई को जारी होने वाली दूसरी कट आफ मेरिट भी तैयार की जा रही है। इस सूची का भी हजारों विद्यार्थियों को इंतजार है।
पहली कट आफ मेरिट में अधिकांश विषयों में 65 फीसदी से ऊपर मेरिट गया है। महिला कालेज गांधीनगर में दाखिले के लिए पहुंची छात्रा रागिनी शर्मा ने कहा कि कालेज पहुंचकर नया अनुभव हासिल हुआ है। नए साथी बनाने को मिल रहे हैं। कालेज पहुंचने वाले अधिकांश विद्यार्थियों ने कैंपस का जायजा लिया। इसमें सुविधाओं के बारे में जानकारी हासिल की गई।
हालांकि गर्मी के साथ उमस विद्यार्थियों को परेशान कर रही है, लेकिन कालेज प्रशासनों की ओर से दाखिला प्रक्रिया के लिए कई इंतजाम किए गए हैं। पहली कट आफ मेरिट में टॉप करने वाले विद्यार्थियों को प्रमुख विषयों में पहले मौका दिया जा रहा है। इसके बाद दूसरी कट आफ मेरिट में बचे हुए विद्यार्थियों को मौका मिलेगा।
कालेज प्रशासनों की ओर से ऐसी व्यवस्था की जा रही है कि मेधावी विद्यार्थियों के साथ कमजोर छात्रों को भी रखा जाए, जिससे वे भी आगे बढ़ सकें। दाखिले के लिए बड़ी संख्या में विद्यार्थी अभिभावकों के साथ पहुंच रहे हैं। इसमें उनके दस्तावेजों की जांच करके अन्य औपचारिकताओं को पूरा किया जा रहा है।
एमएएम कालेज में दाखिले के लिए पहुंचे रंजीत सिंह ने कहा कि पहली कट आफ मेरिट में नाम आने से उन्हें खुशी है। इस सूची में कई साथी भी शामिल हुए हैं, जिससे उच्च शिक्षा में अगले तीन साल तक फिर उनका साथ रहेगा। कालेजों में फ्रेशरों के स्वागत के लिए कई प्रबंध किए गए हैं।