श्री माता वैष्णो देवी गुरुकुल, चरण पादुका (कटड़ा) के शास्त्री के पांच अव्वल छात्रों को पीजी करने के लिए फैलोशिप मिलेगी। इस फैलोशिप की राशि सालाना 48 हजार रुपये होगी। इससे छात्रों की संस्कृत, ज्योतिष, दर्शन और वेद विषयों में आचार्य या समकक्ष स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की पढ़ाई आसान हो जाएगी।
बोर्ड की रियासत के राज्यपाल सत्यपाल मलिक की अध्यक्षता में हुई 63वीं बोर्ड बैठक में इस योजना को मंजूरी मिली। मलिक ने स्कूल की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की। वर्तमान में 162 छात्र इस पूरी तरह से आवासीय संस्थान में कक्षा छह से शास्त्री भाग-2 तक की शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। इस गुरुकुल को श्राइन बोर्ड ने 2010 में स्थापित किया था। यहां छात्रों को शिक्षा, बोर्डिंग, आवास, किताबें, वर्दी आदि मुफ्त उपलब्ध कराई जा रही हैं।
बैठक में मुख्य सचिव बीवीआर सुब्रह्मणयम राज्यपाल के प्रमुख सचिव उमंग नरूला, श्राईन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी धीरज गुप्ता, डा. एस.एस. बिलोरिया, डा. अशोक भान, एचएल मैनी, मेजर जनरल (सेवानिवृत) शिव कुमार शर्मा आदि मौजूद रहे।