जम्मू विश्वविद्यालय में विभिन्न पीजी कोर्सों में दाखिले के लिए विद्यार्थियों की भीड़ पहुंच रही है। पहली मेरिट सूची जारी होने के बाद मंगलवार को विभिन्न विभागों में दाखिले की प्रक्रिया जारी रही। इसमें स्थानीय विद्यार्थियों के अलावा बड़ी संख्या में आसपास के जिलों से भी आवेदनकर्ता पहुंच रहे हैं। इसके साथ बुधवार को दूसरी मेरिट सूची जारी की जाएगी।
पहली सूची में जूलोजी विषय में सबसे अधिक 75.47 अंक फीसदी रहा। उल्लेखनीय है कि पीजी कोर्सों के लिए सामान्य वर्ग में अमूमन चार मेरिट सूचियां जारी होती हैं। इसके बाद आरक्षण वर्ग की सूचियां जारी होती हैं।
जम्मू विश्वविद्यालय में दाखिले के लिए पहुंचे छात्र रशीद अहमद ने कहा कि पहली सूची में नाम आने से उत्साह है। हालांकि अधिकांश विषयों में अंक प्रतिशत में कड़ी प्रतिस्पर्धा रही है। जूलोजी, बाटनी, केमिस्ट्री, ईवीएस, फिजिक्स जैसे प्रमुख विषयों में मेरिट फीसदी 70 से ऊपर गया है।
इससे साफ है कि अगली मेरिट सूचियों में भी कड़ी टक्कर रहेगी। दाखिले के लिए पहुंचे एक अन्य छात्र राजवीर सिंह ने कहा कि उसका नाम पहली सूची में आ गया है, लेकिन उसके साथी इसमें शामिल नहीं हो पाए हैं।
उम्मीद है कि उनका दूसरी सूची में नाम आ जाएगा, जिससे साथ रहकर उच्च शिक्षा प्राप्त करने का मौका मिलेगा। दाखिले के लिए विभिन्न पीजी विभागों में कई इंतजाम किए गए हैं। इसमें फ्रेशर विद्यार्थियों को संबंधित विषयों में दाखिले के लिए महत्वपूर्ण जानकारियां देने के साथ इंतजामों को लेकर जागरूक किया जा रहा है।
बुधवार को जारी हो रही दूसरी सूची को देखने के लिए भी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के जम्मू विश्वविद्यालय में पहुंचने की उम्मीद है। विभिन्न विभागों में दाखिला प्रक्रिया को लेकर जम्मू विश्वविद्यालय विद्यार्थियों से गुलजार है।