जम्मू विश्वविद्यालय में कार्यक्रम प्रस्तुत करतीं छात्राएं
- फोटो : Amar Ujala
जम्मू विश्वविद्यालय में जश्न-ए-आजादी कार्यक्रम में देशभक्ति के तराने गूंजे। युवा कलाकारों ने रंगारंग एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में राज्य के तीनों खित्तों की संस्कृति की झलक दिखाई। गायन और नृत्य प्रस्तुतियों में युवाओं को देशभक्ति के जज्बे से जोड़ा गया।
समारोह में आकाश डोगरा की कोरियोग्राफी में युवा कलाकारों ने कश्मीरी और डोगरी नृत्य की प्रस्तुतियों से रंग जमाया। सलाथिया ब्रदर्स ने अपनी मधुर आवाज में डोगरी लोकगीत गाए। केवल कुमार लहरिया एंड ग्रुप ने पंजाबी गीतों से धूम मचाई। एक के बाद एक प्रस्तुति में दर्शकों ने भी कलाकारों की हौसलाआफजाई की।
ब्रिगेडियर राजेंद्र सिंह सभागार जम्मू विश्वविद्यालय में जम्मू-कश्मीर कला संस्कृति एवं भाषा अकादमी की ओर से करवाए गए इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों का हुजूम पहुंचा। कुलपति प्रो. आरडी शर्मा ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से युवाओं को अपनी परंपरा और पर्वों से जुड़ने का मौका मिलता है।
डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. सतनाम कौर ने कहा कि समाज में राष्ट्र एकता और भाईचारा की भावना को बढ़ावा देने के लिए युवाओं को आगे आकर काम करना चाहिए। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चित्रकारी और स्लोगन लेखन प्रतियोगिता भी हुई।
रंगारंग एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले कलाकारों में राकेश सिंह सलाथिया, विशाल गुप्ता, निर्भय सिंह, कमल किशोर, सुनील शर्मा, जोगेंद्र पाल, सुनील शर्मा, बिशन दास, केवल कुमार आदि शामिल रहे।