जम्मू विश्वविद्यालय में शुक्रवार को करवाए गए स्टूडेंट कल्चरल काउंसिल के चुनाव में कामर्स विभाग के हेमंत मगोत्रा को कल्चरल सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा तीन संयुक्त सचिव पदों पर छात्राओं का कब्जा रहा। इसमें ला स्कूल की अंबिका ठुसू, ला विभाग की वर्निका गुप्ता और स्टैटिक्स विभाग की मनीषा मेहरा ने बाजी मारी।
चारों पदों के लिए विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों से 33 प्रतिनिधियों ने मतदान करके अपने उम्मीदवार को चुना। इस बीच नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. सतनाम कौर सहित अन्य फैकल्टी सदस्यों ने बैठक कर कई मुद्दों पर चर्चा की।
स्टूडेंट वेलफेयर विभाग में सुबह दस बजे चुनाव शुरू कराया गया जो दो घंटे तक चला। इसमें चुनाव प्रक्रिया के तहत 33 प्रतिनिधियों ने मतदान किया। सचिव पद के लिए हेमंत को 23 मत पड़े, जबकि प्रतिद्वंद्वी अंग्रेजी विभाग की पुनीत को सिर्फ दस ही मत पड़े। तीनों संयुक्त सचिवों के पदों के लिए तीनों ही उम्मीदवारों ने नामांकन किया था।
नवनियुक्त पदाधिकारी 2016-17 के सेशन में सांस्कृतिक सहित अन्य गतिविधियों को सफल बनाने के लिए अपनी सेवाएं देंगे। आगामी 21 सितंबर से शुरू हो रहे सांस्कृतिक गतिविधियों के महाकुंभ डिसप्ले योर टैलेंट में नवनियुक्त सांस्कृतिक सचिव और संयुक्त सचिवों की भूमिका अहम रहती है। काउंसिल के पदाधिकारी विभिन्न विभागों के प्रस्तावों को पेश करते हैं।
इससे पूर्व चुनाव को लेकर काफी गहमागहमी रही। सचिव और संयुक्त सचिवों के उम्मीदवारों के समर्थक अपने अपने उम्मीदवार के पक्ष में विभिन्न विभागों से चुने गए प्रतिनिधियों समर्थन मांगते रहे। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने कहा कि वे विश्वविद्यालय में सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ अन्य विद्यार्थी संबंधी मामलों में पूरा योगदान देंगे।