जम्मू विश्वविद्यालय से मान्यता प्राप्त कालेजों में बीए/बीएससी/बीकाम (जनरल)/बीबीए/बीसीए कोर्स (समर जोन) स्नातक के पहले सेमेस्टर के लिए दाखिलों की प्रक्रिया अब जून मध्य के बाद यानी 20 जून तक शुरू करने की तैयारी है।
विवि की नोटिफिकेशन में 10 से 30 जून तक कालेज प्रशासनों को दाखिले करने के लिए कहा गया है, लेकिन च्वाइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम को लेकर बुधवार भी विवि प्रशासन की ओर से कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं हो सकी।
सूत्रों के अनुसार विवि निर्धारित तिथि से 10 से 12 दिन आगे दाखिला प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर रहा है। डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. पूनम धवन ने बताया कि कालेज प्रशासनों की ओर से आग्रह किया गया है कि दाखिला प्रक्रिया को थोड़ा आगे शुरू किया जाए। इस पर काम हो रहा है।
इस बार कंबिनेशन विषयों को लेकर ज्यादा माथापच्ची हो रही है। इसमें यूजीसी की ओर से कुछ नए विषय भी शुरू किए जा रहे हैं, लेकिन अभी तक स्थिति साफ नहीं हो पाई है। कालेज प्रशासनों की ओर से एक ड्राफ्ट विवि प्रशासन को दिया गया है।
इस पर विवि प्रशासन की मुहर के बाद ही दाखिला प्रक्रिया को अंजाम दिया जाएगा। उधर कालेज प्रशासनों में यह असमंजस की स्थिति है कि अगर आखिर तक कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं होती है तो सैकड़ों विद्यार्थी पहले की नोटिफिकेशन के मुताबिक कालेजों में दाखिले के लिए पहुंच जाएंगे।
इस बार विद्यार्थियों को मनपसंद विषय लेने की छूट रहेगी, लेकिन विवि की नोटिफिकेशन जारी होने पर ही दाखिला प्रक्रिया शुरू हो पाएगी। इसमें आवेदन लेने के बाद कट आफ मेरिट जारी किया जाएगा। इस बार यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन की ओर से पहले सेमेस्टर पर ओरियंटल कोर्स सहित अन्य नए विषय शुरू किए जा रहे हैं। मिशन एडमिशन को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह है।