जम्मू विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव नतीजों पर रोक के मामले में वीरवार को सुनवाई के बाद अब इसमें नई तारीख चार दिसंबर लगी है। हाईकोर्ट ने नतीजे घोषित करने पर रोक लगाई है।
जम्मू विश्वविद्यालय प्रशासन पर लिंगदोह समिति की सिफारिशों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए विश्वविद्यालय के छात्र यशोवर्धन सिंह और अन्य ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी।इसमें बाद में अरुण देव जंवाल की तरफ से भी पार्टी बनाने को लेकर याचिका दाखिल की गई थी।
उसके बाद दो दफा बार में कार्यक्रम होने की वजह से सुनवाई नहीं हो सकी थी। वीरवार को सुनवाई के बाद इसमें नई तारीख दी गई है। विश्वविद्यालय में पहली बार छात्र संघ चुनाव हुए थे, जिसे लेकर छात्रों में उत्साह था, लेकिन विश्वविद्यालय ने चुनाव को लेकर कई नियम थोप दिए।
छह अक्तूबर को सचिव पद को छोड़कर सभी पदों के लिए मतदान हुआ, लेकिन हाईकोर्ट की रोक की वजह से नतीजे घोषित नहीं किए जा सके। चुनाव में खड़े छात्र प्रत्याशियों, विश्वविद्यालय प्रशासन समेत अन्य सभी छात्रों की निगाहें इस मामले में जल्द फैसले के लिए कोर्ट पर लगी हैं।