राज्यपाल एनएन वोहरा ने घाटी में शिक्षा को पटरी पर लाने के निर्देश दिए हैं। राजभवन में आयुक्त सचिव के साथ पहुंचे शिक्षा मंत्री नईम अख्तर ने स्कूल कालेजों की शिक्षा को बहाल करने के लिए विस्तार से चर्चा की।
31 अगस्त 2016 को आयोजित बैठक का जिक्र करते हुए राज्यपाल एनएन वोहरा ने कहा कि घाटी में शिक्षा व्यवस्था को पटरी पर लाने पर जोर दिया गया था।
राजभवन के प्रवक्ता ने बताया कि राज्यपाल ने शिक्षा व्यवस्था को पहुंच रही क्षति को गंभीरता से लिया है। विद्यार्थियों की पढ़ाई को नुकसान हो रहा है।
राज्यपाल ने शिक्षा मंत्रालय से कहा है कि वह कश्मीर संभाग में तमाम परिस्थितियों के बावजूद स्कूलों को खुलवाने का प्रयास करे। घाटी में चौदह लाख विद्यार्थियों का भविष्य स्कूली शिक्षा से जुड़ा है। इसे लेकर हरसंभव प्रयास किए जाने की जरूरत है।
राजभवन के प्रवक्ता ने कहा कि 31 अगस्त को आयोजित बैठक में शिक्षा मंत्री सहित वाइस चांसलरों व अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में शिक्षा व्यवस्था बहाली पर जोर दिया गया था।
राज्यपाल ने शिक्षा को हो रहे नुकसान को गंभीर बताते हुए जोर देकर कहा कि शिक्षा को हो रहे नुकसान की भरपाई मुमकिन नहीं है। इसे देखते हुए बिना देरी किए स्कूल कालेजों की शिक्षा को फिर से बहाल किया जाना चाहिए।