रियासत में नीट परीक्षा के बाद सरकारी कोटे की एमबीबीएस और बीडीएस सीटों के लिए रविवार को कामन एंट्रेंस टेस्ट (सीईटी) करवाया जा रहा है। जेएंडके बोर्ड आफ प्रोफेशनल एंट्रेंस एग्जामिनेशन (बीओपीईई) की ओर से करवाई जा रही इस परीक्षा में सुबह फिजिक्स और केमिस्ट्री और दोपहर के सत्र में बायो की परीक्षा आयोजित होगी।
परीक्षा में राज्यभर से करीब 18 हजार उम्मीदवार बैठेंगे। बोर्ड के चेयरमैन जीएच तांत्रे ने कहा कि शेड्यूल के मुताबिक परीक्षा आयोजित होगी। कश्मीर में खराब हालात को देखते हुए डीसी कार्यालयों से उम्मीदवारों के लिए यातायात सुविधा मुहैया करवाई जाएगी। कर्फ्यू की सूरत में एडमिट कार्ड को कर्फ्यू पास माना जाएगा।
उल्लेखनीय है कि करीब दो माह पूर्व बोर्ड की ओर से इंजीनियरिंग सहित अन्य विषयों के लिए आयोजित कामन एंट्रेंस टेस्ट में हजारों मेडिकल के उम्मीदवार बैठ गए थे, मगर इस परीक्षा में अधिकांश ऐसे मेडिकल उम्मीदवार शामिल हुए, जिन्होंने पूरी तैयारी नहीं की थी।
केंद्र की ओर से नीट पर राहत मिलने के बाद इस साल बोर्ड की ओर से सरकारी कोटे के लिए एमबीबीएस और बीडीएस की परीक्षा आयोजित की जा रही है। परीक्षा शेड्यूल के मुताबिक जम्मू में आठ और श्रीनगर में 17 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं।
उम्मीदवारों को परीक्षा के लिए निर्धारित समय से एक घंटा पूर्व सेंटर में रिपोर्ट करना होगा। इस परीक्षा में जम्मू में छह हजार और श्रीनगर में 11700 उम्मीदवार बैठ रहे हैं। इसी परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले युवाओं को डाक्टर और डेंटल सर्जन बनने का मौका मिलता है। इस परीक्षा में कुछ सौ सरकारी सीटों के लिए उम्मीदवारों में कांटे की टक्कर रहेगी।