जम्मू। जम्मू नगर निगम और हिंदुस्तान कोका-कोला प्राइवेट लिमिटेड ने बाहु प्लाजा गांधीनगर में प्लास्टिक लाओ, थैला पाओ मुहिम का शुभारंभ किया। मेयर चंद्र मोहन गुप्ता ने कहा कि यह अभियान यूएनडीपी क्षेत्रीय और शहरी विकास एजेंसी जम्मू के सौजन्य से चलाया जा रहा है। इससे प्लास्टिक उपयोग की आवश्यकता और इसके निपटान के बारे में जागरूकता फैलाने इसका उद्देश्य है। अभियान के तहत स्थायी अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए बाहु प्लाजा के जेडीए परिसर में एक वसूली स्टॉल स्थापित किया गया है। इसमें जनता और दुकानदार प्लास्टिक के बदले में कपड़े के थैले प्राप्त कर सकेंगे। इससे पर्यावरण पर विपरीत असर नहीं पड़ेगा।
मेयर ने कहा कि शहर को पॉलिथीन मुक्त करने के लिए प्रयास जारी हैं। इसी कड़ी में यह कार्यक्रम शुरू किया गया है। इसमें लोग बढ़-चढकर हिस्सा लें। बाजार से सामान लाने के लिए लोग कपड़े के थैले का प्रयोग करे। इससे स्वच्छता रैंकिंग में सुधार होगा। साथ ही शहर भी सुंदर दिखेगा।