जम्मू। सीए फाइनल का नतीजा वीरवार को घोषित हो गया। कठिन मानी जाने वाली परीक्षा में देशभर के 7,931 छात्र-छात्राओं ने क्वालिफाई किया। छह सौ में से 364 अंक प्राप्त कर तेजस गुप्ता जम्मू के टॉपर बने। 361 अंक के साथ अर्णव महाजन दूसरे जबकि 331 अंक लेकर अनन्या शर्मा तीसरे स्थान पर रहीं।
द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की ओर से घोषित परिणाम में मीमांसा गुप्ता ने 300 अंक लेकर चौथा स्थान प्राप्त किया। अगर विषयवार अंकों की बात करें तो ग्रुप-1 और ग्रुप-2 दोनों पेपरों में तेजस को 179 और 189 अंक मिले। अर्णव महाजन ने 176 और 185 अंक पाए। अनन्या शर्मा ने ग्रुप-1 में 152 जबकि ग्रुप-2 में 179, जबकि मीमांसा गुप्ता ने दोनों पेपरों में 150-150 अंक हासिल किए।
आईसीएआई की नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल की जम्मू-कश्मीर शाखा के चेयरमैन अमित गुप्ता ने जम्मू के छात्र-छात्राओं के प्रदर्शन को उनके समर्पण और प्रतिबद्धता का नतीजा करार दिया।
दोनों ग्रुपों में 14.07 प्रतिशत रहा नतीजा
आईसीएआई की ओर से सीए फाइनल की परीक्षा मई में आयोजित की गई थी। दोनों ग्रुपों का नतीजा 14.07 प्रतिशत रहा। कुल 23,776 परीक्षार्थियों ने शिरकत की जिसमें 3,345 ही परीक्षा को क्वालिफाई कर सके। ग्रुप-1 में 54,606 परीक्षार्थी बैठे जिसमें 6,555 पास हुए। नतीजा 12 प्रतिशत रहा। ग्रुप-2 में 42,573 परीक्षार्थियों ने शिरकत की जिसमें 8,725 ने क्वालिफाई किया। इस ग्रुप में 20.49 फीसदी अभ्यर्थी पास हुए।