फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जम्मू: दिवाली की रोशनी में बुझ गए कारोबार, आग प्रभावित व्यापारियों के लिए महबूबा मुफ्ती ने मांगी सरकारी मदद

Mon, 09 Nov 2026 03:03 PM IST
Nikita Gupta अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू

सार

पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने जम्मू के आग प्रभावित नेहरू मार्केट का दौरा कर व्यापारियों के नुकसान पर चिंता जताई और सरकार से पर्याप्त आर्थिक सहायता देने की मांग की।
विज्ञापन
पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने जम्मू के आग प्रभावित नेहरू मार्केट में - फोटो : एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने सोमवार को जम्मू के अग्निकांड प्रभावित नेहरू मार्केट का दौरा किया। उन्होंने आग में भारी नुकसान झेलने वाले व्यापारियों के प्रति संवेदना जताते हुए सरकार से उन्हें पर्याप्त आर्थिक सहायता देने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकारी मदद के बिना प्रभावित दुकानदारों के लिए अपने कारोबार को दोबारा शुरू करना और नुकसान से उबरना बेहद मुश्किल होगा।

विज्ञापन
Trending Videos

महबूबा मुफ्ती ने कहा कि आग की घटना व्यापारियों के लिए बेहद भयावह थी। दीपावली का त्योहार उनके लिए अंधेरी और डरावनी रात में बदल गया। उन्होंने कहा कि बाजार में खाद्यान्न, खाद्य तेल, दालें, आटा, चावल, घी, सूखे मेवे और रोजमर्रा के इस्तेमाल का सामान रखा था जो आग की भेंट चढ़ गया। व्यापारियों का नुकसान करोड़ों रुपये में होने का अनुमान है।

उन्होंने कहा कि प्रभावित दुकानदार बड़े कारोबारी नहीं, बल्कि आम लोग हैं। कई व्यापारियों ने कारोबार शुरू करने के लिए कर्ज लिया है और कुछ ने तो परिवार के गहने तक बेच दिए। वे दिनभर मेहनत करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। ऐसे में सरकार को उनकी आजीविका बचाने के लिए आगे आना चाहिए।
विज्ञापन

दमकल व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
महबूबा मुफ्ती ने त्योहार के दौरान बाजारों में आग से निपटने के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आग बुझाने के लिए भेजे गए दमकल वाहन छोटे थे, जबकि इस तरह की बड़ी घटना से निपटने के लिए बड़े दमकल वाहनों को मौके पर भेजा जाना चाहिए था। बेहतर इंतजाम होते तो आग को फैलने से रोका जा सकता था।

वहीं, प्रभावित दुकानदारों ने भी दमकल विभाग की शुरुआती कार्रवाई को नाकाफी बताया। उनका आरोप है कि आग लगने के करीब पांच मिनट बाद एक छोटा वाहन मौके पर पहुंचा, लेकिन पानी का दबाव भी पर्याप्त नहीं था। जब तक बड़े दमकल वाहन पहुंचे, तब तक आग काफी फैल चुकी थी। व्यापारियों ने दीपावली जैसे त्योहारों के दौरान बाजारों में विशेष अग्निशमन व्यवस्था करने की मांग की।

दो सप्ताह में दूसरी बड़ी आग से बाजार तबाह
जम्मू में दो सप्ताह से कुछ अधिक समय के भीतर यह दूसरी बड़ी आग की घटना है, जिसमें प्रमुख व्यावसायिक बाजार को भारी नुकसान पहुंचा है। इससे पहले 25 अक्तूबर की रात शिव मार्केट में भीषण आग लगी थी, जो 26 अक्तूबर की सुबह तक जारी रही। इस घटना में कम से कम 40 दुकानें आग की चपेट में आ गई थीं और करोड़ों रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई थी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें