महबूबा मुफ्ती ने कहा कि आग की घटना व्यापारियों के लिए बेहद भयावह थी। दीपावली का त्योहार उनके लिए अंधेरी और डरावनी रात में बदल गया। उन्होंने कहा कि बाजार में खाद्यान्न, खाद्य तेल, दालें, आटा, चावल, घी, सूखे मेवे और रोजमर्रा के इस्तेमाल का सामान रखा था जो आग की भेंट चढ़ गया। व्यापारियों का नुकसान करोड़ों रुपये में होने का अनुमान है।
उन्होंने कहा कि प्रभावित दुकानदार बड़े कारोबारी नहीं, बल्कि आम लोग हैं। कई व्यापारियों ने कारोबार शुरू करने के लिए कर्ज लिया है और कुछ ने तो परिवार के गहने तक बेच दिए। वे दिनभर मेहनत करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। ऐसे में सरकार को उनकी आजीविका बचाने के लिए आगे आना चाहिए।
दमकल व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
महबूबा मुफ्ती ने त्योहार के दौरान बाजारों में आग से निपटने के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आग बुझाने के लिए भेजे गए दमकल वाहन छोटे थे, जबकि इस तरह की बड़ी घटना से निपटने के लिए बड़े दमकल वाहनों को मौके पर भेजा जाना चाहिए था। बेहतर इंतजाम होते तो आग को फैलने से रोका जा सकता था।
वहीं, प्रभावित दुकानदारों ने भी दमकल विभाग की शुरुआती कार्रवाई को नाकाफी बताया। उनका आरोप है कि आग लगने के करीब पांच मिनट बाद एक छोटा वाहन मौके पर पहुंचा, लेकिन पानी का दबाव भी पर्याप्त नहीं था। जब तक बड़े दमकल वाहन पहुंचे, तब तक आग काफी फैल चुकी थी। व्यापारियों ने दीपावली जैसे त्योहारों के दौरान बाजारों में विशेष अग्निशमन व्यवस्था करने की मांग की।
दो सप्ताह में दूसरी बड़ी आग से बाजार तबाह
जम्मू में दो सप्ताह से कुछ अधिक समय के भीतर यह दूसरी बड़ी आग की घटना है, जिसमें प्रमुख व्यावसायिक बाजार को भारी नुकसान पहुंचा है। इससे पहले 25 अक्तूबर की रात शिव मार्केट में भीषण आग लगी थी, जो 26 अक्तूबर की सुबह तक जारी रही। इस घटना में कम से कम 40 दुकानें आग की चपेट में आ गई थीं और करोड़ों रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई थी।