जम्मू की बाड़ी ब्राह्मणा की औद्योगिक इकाइयों में बिजली के नए कनेक्शन न मिलने से उद्यमियों में रोष है। बिजली विभाग की लेटलतीफी उद्यमियों को नुकसान पहुंचा रही है, जिससे उद्यमी खासे खफा हैं। औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े बिजली के मामलों को लेकर बिजली विभाग की हर महीने बैठक होनी होती है, लेकिन पिछले एक साल में एक बार ही बैठक हुई।
इसमें भी कुछ ही कनेक्शन पास किए गए। रिन्यूएबल, एडिशनल कनेक्शन और नए कनेक्शन की करीब एक दर्जन फाइलें विभाग के पास धूल फांक रही है। इनमें से कुछ को क्लीयर किया गया। बाड़ी ब्राह्मणा औद्योगिक एसोसिएशन के प्रधान ललित महाजन ने बताया कि विभाग ने कई फाइलों को रिजेक्ट कर दिया। लेकिन यह फाइलें विभाग की ओर से तैयार की गई।
खुद विभाग के कर्मियों ने आवेदन भरे। अब इसमें कोई कमी है तो वो विभाग की जिम्मेदारी है न की उद्यमियों की। कई इकाइयां बिजली के कनेक्शन न मिलने की वजह से बंद पड़ी हुई है। इससे करोड़ों रुपये का नुकसान हो रहा है। कई इकाइयों को एडिशनल कनेक्शन की आवश्यकता होती है। यह भी नहीं दिए जा रहे।