जम्मू। एक समय था, जब कार कुछ विशेष लोगाें और घरानों में हुआ करती हैं। इसमें भी कुछ ही ब्रांड की कारें हुआ करती थीं। बदलते दौर में अब कार के रूप तो बदले हैं साथ ही अब उसके शौकीन भी बदल गए हैं। मतलब अब कार सुख सुविधा का साधन नहीं बल्कि वह एक प्रकार से दुकान और व्यवसाय का रूप ले चुकी है।
समय और जरूरत के अनुसार सब कुछ बदलता जा रहा है। कार को जहां लोग परिवार के साथ घूमने फिरने और अपनी सुविधा का आधार मानते थे, लेकिन अब इसके मायने बिलकुल ही बदल गए हैं। कोरोना की मार ने इसमें और भी बदलाव ला दिया है। लॉकडाउन के चलते जहां लोगों का एक स्थान से दूसरे स्थान जाना बंद हो गया। ऐसे में टैक्सी का कारोबार ठप हो गया। इसमें कई ऐसे लोग शामिल हैं जिन्होंने बैंक से किश्त लेकर कारें निकलवाई और उसे टैक्सी के रूप में चलाने लगे। कोविड-19 ने टैक्सी के व्यापार को विराम लगा दिया तो कार के मालिकों को बैंक की किश्त की अदायगी के लिए मुश्किलें होने लगीं। ऐसे में उन्होंने उन कार को एक दुकान का रूप दे दिया। इनमें कार की पिछली सीट को हटाकर उनमें फल, सब्जी बेचने का कारोबार शुरू कर दिया। ऐसा करके वे कई प्रकार के दूसरे खर्चे से बच गए और उन्हें इस कोरोना दौर में एक नया कारोबार मिल गया।
लग्जरी कार में फल व सब्जी बेच रहे राजकुमार ने बताया कि हमारी कार टैक्सी के रूप में चल रही थी। इसका संचालन भी मैं स्वयं कर रहा था और शाहदरा शरीफ, पटनीटॉप, श्रीनगर समेत अनेक स्थानों की बुकिंग पर जाता था। कोरोना की मार में सब कुछ ठप हो गया। टूरिस्ट आने बंद हो गए। दूसरी तरफ परिवार का खर्च, बैंक की किश्त समेत अनेक तरह के खर्चे से कई प्रकार की परेशानियां घिर आईं। ऐसे में कार को ही दुकान का रूप दे दिया।
------
डिपॉजिट देने की रकम से मिला छुटकारा
आमतौर पर एक दुकान तलाशना बड़ी समस्या है। क्याेंकि उसके पहले कम से कम दो लाख रुपये डिपॉजिट होना जरूरी है। यह रकम जगह के हिसाब से और भी बढ़ भी सकती है। दुकान भी ऐसे उचित स्थान पर हो जहां से व्यापार को बढ़ाया जा सके। कार को दुकान का रूप देने से डिपॉजिट से छुटकारा मिल गया।
------
मुख्य सड़क के किनारे लगती हैं यह दुकानें
कार में फल और सब्जी बेचने की दुकानें शहर की मुख्य सड़क के किनारे लग रही हैं। ऐसे में न तो सड़क पर अतिक्रमण की समस्या उत्पन्न हो रही है और न ही उन्हें ग्राहकों के आने की अधिक चिंता सताती है। सड़क मार्ग से निकलने वाले लोग वाहन रोककर खरीदारी करते हुए देखे जा सकते हैं।