अखनूर। अखनूर वाया घरोटा जम्मू रोड पर एसआरटीसी की बस चलाने की मांग की है। ताकि क्षेत्र के लोगों को समय पर यात्री वाहन मिल सके और वह अपने गंतव्य तक आसानी और समय से पहुंच सकें। स्थानीय निवासी अनमोल कुमार ने बताया कि रोड पर निजी मेटाडोर चलाने पर चालक अपनी मनमर्जी करते हैं। जो सफर एक घंटे में पूरा करना होता है, उसे वह दो से ढाई घंटे में पूरा करते हैं। कई बार प्रशासन को रोड पर मेटाडोर का चलने का समय निर्धारित करने की मांग भी की। इसके बावजूद भी रोड पर यात्री वाहनों के संचालन में समय सीमा में सुधार नहीं हो सका। इसका खामियाजा आम लोगों को उठाना पड़ता है।
ग्रामीण रोहित शर्मा ने बताया कि अखनूर वाया घरोटा जम्मू रोड पर समय पर यात्री वाहन नहीं चलाने पर क्षेत्र के लोगों को अपने गंतव्य पर पहुंचने पर बड़ी परेशानी का समाना करना पड़ रहा है। ऐसे में कई बार सरकार से आग्रह किया गया। घरोटा रोड पर एसआरटीसी यात्री वाहन चलाए जाएं, ताकि लोगों को हो रही परेशानी का समाधान हो सके। वहीं एसआरटीसी वाहन चलने पर समय पर लोग अपने गंतव्य पर पहुंच सकें।