वैष्णो देवी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी बस कठुआ जिले में नेशनल हाईवे पर दयालाचक में हादसे का शिकार हो गई। इसमें दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 25 घायल हो गए। घायलों को हीरानगर उप जिला अस्पताल से जीएमसी जम्मू रेफर किया गया है। बस में करीब 43 यात्री सवार थे। सभी एक ही परिवार और आस पड़ोस के रहने वाले हैं।
सभी यात्री वैष्णो देवी के दर्शन कर अमृतसर के गोल्डन टेंपल और बाघा बार्डर घूमने जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सामने बाइक के आने पर चालक नियंत्रण खो दिया और हादसा हो गया। मृतकों में रमीला बेन (50) पत्नी नरेश भाई और मीना बेन (20) पत्नी पीयूष दोनों निवासी सूरत, गुजरात शामिल हैं। रमीला परिवार के साथ अमेरिका रह रही थी। मीना भी अपने परिवार के साथ साउथ अफ्रीका में रह रही थी।
घायलों में सूरत निवासी हितेश, भक्ति बेन, बसंती, पियूष भाई, जयेश भाई, बिन्नी, बलवंत भाई, प्रतिभा, विकास, चंपा बेन, धनखुश भाई, रवि, धर्मी, हेमांगी बेन, मिनेश, कैलाश बेन, उर्मिला, अल्पा, जयंती पटेल, रोमिला, किरन कुमार, रागनी शामिल हैं। ये सभी जीएमसी में भर्ती हैं। अन्य का हीरानगर अस्पताल में भी उपचार जारी है। घायलों में ज्यादातर की स्थिति गंभीर है। जीएमसी के डॉक्टरों के मुताबिक 14 से ज्यादा घायलों को हेड इंजरी, फैक्चर व अन्य गंभीर चोट आई है।