जम्मू। विधानसभा में वन पारिस्थितिकी और पर्यावरण, जल शक्ति, सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग और जनजातीय मामलों के विभाग का 7066.74 करोड़ रुपये का अनुदान पारित किया गया है। शनिवार को विधानसभा में दिन भर चली चर्चा के बाद मंत्री जावेद अहमद राणा ने कहा, विभाग 10 नए टैंकर खरीद रहा है। साथ ही कर्मचारियों की कमी पूरी करने के साथ-साथ विभाग अब ठेकेदार की भुगतान तभी करेगा जब तक उस क्षेत्र के विधायक से ठेकेदार कार्य निष्पादन की स्वीकृति नहीं लेगा।
जल शक्ति विभाग के बारे में बोलते हुए, मंत्री ने कहा कि सरकार सभी ग्रामीण परिवारों को हर घर नल से जल देने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रति व्यक्ति प्रतिदिन 55 लीटर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जल जीवन मिशन, नाबार्ड और यूटी कैपेक्स के संसाधनों का उपयोग कर रहा है। प्रदेश में नए नल जल कनेक्शन, मौजूदा कनेक्शनों को अपग्रेड करने, उन्हें जेजेएम के अनुरूप बनाने के लिए 13344.25 करोड़ रुपये से 3253 जल आपूर्ति योजनाओं के क्रियान्वयन की योजना बनाई है। सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण क्षेत्र (आई एंड एफ सी) के बारे में बात करते हुए मंत्री ने कहा, विभाग सिंचाई कवरेज का विस्तार करेगा। ब्यूरो