बजरंग दल के उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के संयोजक सुरेंद्र मिश्रा ने कहा हैं कि श्री बूढ़ा अमरनाथ यात्रा का पहला जत्था 19 अगस्त को पुंछ के लिए जम्मू से रवाना होगा।
विहिप के प्रदेश मुख्यालय शक्ति आश्रम में बुधवार को पत्रकार वार्ता में मिश्रा ने कहा कि साल 1996 से आतंकवादियों की धमकियों को धता बताते हुए पचास हजार से भी अधिक कार्यकर्ता यात्रा पर आए। उसके बाद राज्य स्तर पर यात्रा चलती रही।
साल 2005 में अखिल भारतीय स्तर पर बजरंग दल की ओर से यात्रा आरंभ की गई। यात्रा वापसी के समय शिवखोड़ी से होते हुए जम्मू पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि 18 अगस्त को श्री बूढ़ा अमरनाथ यात्रा का उद्घाटन होगा।
19 अगस्त को पहला जत्था पुंछ के लिए रवाना होगा। अंतिम जत्था 26 अगस्त को जाएगा एवं 27 अगस्त को छड़ी यात्रा बाबा बूढ़ा अमरनाथ के दर्शन के लिए प्रस्थान करेगी एवं रक्षाबंधन तक यात्रा जारी रहेगी।
इस अवसर पर बाबा अमरनाथ एवं बूढ़ा अमरनाथ यात्री न्यास के अध्यक्ष सुरेंद्र मोहन अग्रवाल, बजरंग दल के पटना क्षेत्र संयोजक जन्मेजय, दिल्ली प्रांत यात्रा प्रमुख नीरज दनौरिया आदि मौजूद रहे।